आगामी मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर 19 जून 2026 को अपर समाहर्त्ता (आपदा प्रबंधन), सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता, बागमती प्रमंडल की संयुक्त टीम ने बागमती नदी के दोनों सुरक्षात्मक तटबंधों का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कई किलोमीटर तक पैदल एवं वाहन से तटबंधों की स्थिति का जायजा लिया।
बिहार /शिवहर : आगामी मानसून और बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन शिवहर पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला पदाधिकारी, शिवहर के कड़े रुख और प्राप्त निदेशानुसार आज दिनांक 19.06.2026 को बागमती नदी के सुरक्षात्मक तटबंधों की जमीनी हकीकत जानने के लिए एक उच्चस्तरीय संयुक्त निरीक्षण दल क्षेत्र में उतरा।
इस संयुक्त निरीक्षण दल में अपर समाहर्त्ता (आपदा प्रबंधन), शिवहर, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, शिवहर एवं कार्यपालक अभियंता, बागमती प्रमंडल, शिवहर मुख्य रूप से शामिल थे। अधिकारियों की टीम ने बागमती नदी के दोनों तटबंधों (बायाँ एवं दायाँ) का अत्यंत सूक्ष्मता से कई किलोमीटर तक पैदल एवं वाहनों से मुआयना किया। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले इस तटबंध के निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर चिंताजनक स्थितियां पायी गईं। टीम को जगह-जगह पर:
1. रेन-कट (बारिश के कारण मिट्टी का कटाव) देखने को मिला, जिससे बाँध कमजोर हो सकता है।
2. तटबंध पर अनाधिकृत रूप से लगाए गए बिजली के पोल और उगे वृक्ष पाए गए, जो सुरक्षा के दृष्टिकोण से बाधक हैं।
3. इसके अलावा, कुछ क्षेत्रों में स्थानीय लोगों द्वारा किया गया आंशिक अतिक्रमण भी संज्ञान में आया।
.jpeg)
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपर समाहर्त्ता (आ०प्र०), शिवहर ने मौके पर ही मौजूद कार्यपालक अभियंता, बागमती प्रमंडल को यथाशीघ्र बाँध को पूर्ण रूप से दुरूस्त करने एवं अतिक्रमण को हटाने का निदेश दिया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मानसून के आगमन से पूर्व तटबंधों को हर हाल में अभेद्य और सुरक्षित बनाना प्राथमिकता है। कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया है कि वे तकनीकी टीम के साथ लगातार क्षेत्र में बने रहें और किए जा रहे कार्यों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट जिला मुख्यालय को सौंपें। किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और संवेदकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता - संजीत कुमार मंडल
( REAL NEWS BIHAR/JHARKHAD)
टिप्पणियाँ 0