पुलिस लाइन में आज गर्व, अनुशासन और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। 208 प्रशिक्षु आरक्षियों ने सफल प्रशिक्षण पूरा करने के बाद राष्ट्र सेवा और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली। दीक्षांत परेड समारोह में जवानों ने अपने शानदार प्रदर्शन से अधिकारियों और परिजनों का दिल जीत लिया।
बिहार/शिवहर : शिवहर पुलिस लाइन परिसर में बुधवार को 208 प्रशिक्षु आरक्षियों का दीक्षांत परेड समारोह पूरे सम्मान और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। समारोह में तिरहुत क्षेत्र के डीआईजी चंदन कुशवाहा, डीएम प्रतिभा रानी और एसपी शुभांक मिश्रा ने परेड की सलामी ली तथा जवानों के अनुशासित प्रदर्शन का निरीक्षण किया।
प्रशिक्षण पूरा कर चुके आरक्षियों ने राष्ट्र सेवा, संविधान की रक्षा और जनता के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ ली। इस दौरान जवानों ने आकर्षक मार्च पास्ट, परेड ड्रिल और विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का प्रदर्शन कर अपनी दक्षता और अनुशासन का परिचय दिया।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु आरक्षियों को समारोह में सम्मानित भी किया गया। जवानों के शानदार प्रदर्शन पर उपस्थित अधिकारियों ने उनकी सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
डीआईजी चंदन कुशवाहा ने कहा कि दीक्षांत परेड केवल प्रशिक्षण की समाप्ति नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और कर्तव्यनिष्ठा के नए सफर की शुरुआत है। उन्होंने नव नियुक्त आरक्षियों से ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।
गौरतलब है कि प्रशिक्षण के दौरान जवानों को शारीरिक फिटनेस, शस्त्र संचालन, आत्मरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार और सेवा भाव की सीख भी दी गई।
समारोह में एडीएम मेधावी, एसडीएम अविनाश कुणाल, मुख्यालय डीएसपी सुनील कुमार सिंह, यातायात डीएसपी भाई भरत कुमार समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अपने बेटों और बेटियों को वर्दी में कदमताल करते देख परिजनों के चेहरे गर्व से खिल उठे। पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा।
208 नव प्रशिक्षित आरक्षियों के पुलिस बल में शामिल होने से न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि जनता की सुरक्षा और सेवा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता भी और सशक्त होगी।
संवाददाता __संजीत कुमार रियल न्यूज, शिवहर।
टिप्पणियाँ 0