बिहार में शराबबंदी कानून के बीच वैशाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू यादव के करीबी सहयोगी बताए जाने वाले सुबोध राय को झारखंड से जुड़े शराब मामले में गिरफ्तार किया गया है। अब पुलिस उसके पूरे नेटवर्क, आपराधिक इतिहास और बिहार तक संभावित शराब सप्लाई की जांच में जुट गई है।
बिहार के वैशाली जिले में शराबबंदी कानून के बीच पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए सुबोध राय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम झारखंड में शराब से जुड़े एक मामले में सामने आया है।
वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभंक मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोप है कि सुबोध राय झारखंड स्थित अपने बॉटलिंग प्लांट से गलत लेबलिंग वाली शराब विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
BYTE – शुभंक मिश्रा, एसपी वैशाली
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। साथ ही उसके स्थानीय संपर्कों और संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। खुफिया जानकारी भी जुटाई जा रही है।
जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या झारखंड से शराब की खेप बिहार लाई जाती थी और क्या इसके लिए कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय था। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण यह जांच बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इसके अलावा, पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या सुबोध राय या उसके बॉटलिंग प्लांट के खिलाफ दूसरे जिलों में भी इसी तरह के मामले दर्ज हैं। यदि ऐसे साक्ष्य मिलते हैं तो जांच का दायरा और बढ़ाया जाएगा तथा कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस मामले का दायरा कितना बड़ा है और बिहार में शराब तस्करी से इसका कोई सीधा संबंध था या नहीं।
टिप्पणियाँ 0