बिहार पुलिस में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। सहरसा जिले के सलखुआ थाना में कथित दलाली और पुलिसकर्मियों की मिलीभगत के वायरल वीडियो मामले में कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने
औचक जांच के बाद बड़ा एक्शन लिया है। जांच में प्रथम दृष्टया कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले के कुल 10 पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वहीं कथित दलाल सतीश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पेश है मुरारी कुमार की यह रिपोर्ट।
बिहार /सहरसा : कोसी प्रक्षेत्र के सलखुआ थाना में कथित दलाली और पुलिस अनुसंधान को प्रभावित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. DIG डॉ. कुमार आशीष की औचक जांच में एक कथित दलाल को गिरफ्तार किया गया है. उसके पास से विभिन्न थानों की मूल केस फाइलें और केस डायरी बरामद हुई हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए सलखुआ थानाध्यक्ष समेत 10 पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है.डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक कथित अवैध व्यक्ति सलखुआ थानाध्यक्ष के कक्ष में बैठकर पुलिस अनुसंधान को प्रभावित करता दिखाई दे रहा था |
मामले को गंभीरता से लेते हुए DGP के निर्देश पर 2 जुलाई को उन्होंने स्वयं सलखुआ थाना पहुंचकर औचक निरीक्षण किया.जांच के दौरान गौसपुर मंदिर के समीप नीले रंग की पल्सर बाइक पर सवार संदिग्ध युवक को रोका गया. उसकी पहचान सलखुआ थाना क्षेत्र के बहुअरवा गांव निवासी सतीश कुमार के रूप में हुई. तलाशी में उसके बैग से एक लैपटॉप, की बोर्ड, माउस तथा विभिन्न थानों की कई मूल केस फाइलें और केस डायरी बरामद की गईं.मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सिमरी बख्तियारपुर) मुकेश ठाकुर के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया. जांच में सामने आया कि सतीश कुमार कथित रूप से लंबे समय से थाना परिसर में अवैध रूप से सक्रिय था. वह पुलिस अनुसंधान को प्रभावित करने, लोगों से पैसे लेने तथा लैपटॉप पर केस डायरी तैयार कर दूसरों को उपलब्ध कराने का काम करता था. डीआईजी ने कहा कि ऐसी गतिविधियां पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा रही थीं.जांच में जिन पुलिस अधिकारियों की केस फाइलें कथित दलाल के पास मिलीं, उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया. निलंबित अधिकारियों में सलखुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सुबालाल पासवान, पंकज कुमार, जूही कुमारी, शिशुपाल रविदास, अमोद कुमार, चंद्रजीत प्रभाकर, पिंकी कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक मनीषा कुमारी तथा पुलिस अवर निरीक्षक ज्योतिष कुमार शामिल हैं. सभी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
संवाददाता - मुरारी कुमार,
सहरसा, बिहार।
टिप्पणियाँ 0